पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Cancer Operation Theater Begin In Ambedkar Hospital, Raipur

अम्बेडकर अस्पताल में शुरू हुआ कैंसर ओटी, मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा निजी अस्पताल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आंबेडकर में कैंसर के मरीजों की सर्जरी शुरू हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल 3 फरवरी को आंको सर्जरी यूनिट का औपचारिक लोकार्पण करेंगे। इसी दिन पेन एंड पैलोटिन क्लिनिक भी शुरू हो जाएगा। यहां स्मार्टकार्डधारी व बीपीएल मरीजों का ऑपरेशन नि:शुल्क किया जाएगा। जबकि निजी अस्पतालों में इसका खर्च दो से तीन लाख रुपए होता है। शुक्रवार की सुबह विभाग के एचओडी व अस्पताल अधीक्षक डॉ. विवेक चौधरी ने नई ओटी का निरीक्षण कर उपकरणों का स्टालमेंट जल्द करने के निर्देश दिए।

राजनांदगांव की 36 वर्षीय महिला को ब्रेस्ट कैंसर था। पिछले बुधवार को उसका सफल ऑपरेशन आंको सर्जन डॉ. शुभाव्रता दास ने किया। आंको एनीस्थिसिया विशेषज्ञ डॉ. आशीष मजूमदार थे। डॉ. चौधरी ने बताया कि दो नई ओटी में एक बनकर पूरी तरह तैयार है। दूसरी ओटी को भी ऑपरेशन के लायक जल्द बना लिया जाएगा। पुरानी ओटी में महिला मरीज का ऑपरेशन किया गया। छग में अभी तक यह सुविधा निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। सरकारी अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन शुरू होने से गरीब व मध्यमवर्गीय परिवार को बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. चौधरी ने बताया कि अस्पताल में हर माह 20 ऑपरेशन किए जाएंगे। कैंसर यूनिट में अब तक आंको सर्जरी की सुविधा नहीं थी। इसकी जरूरत को देखते हुए प्रबंधन ने दो नई ओटी का निर्माण करवाया है। आंको सर्जन के साथ आंको एनीस्थिसिया विशेषज्ञ ने ज्वाइन किया है। मेडिकल आंकोलॉजिस्ट के ज्वाइन करने से ब्लड कैंसर के मरीजों के लिए इलाज की सुविधा बढ़ जाएगी।

दूसरे लिनियर एक्सीलरेटर के लिए खुदाई शुरू
कैंसर यूनिट में 12 करोड़ की लागत से सिंकाई के लिए लिनियर एक्सीलरेटर मशीन लगी है। दूसरी मशीन के लिए नींव खुदाई का काम शुरू हो चुका है। यह मशीन वर्तमान में लगी मशीन के पास ही स्थापित की जाएगी। इसके लिए नया कमरा बनाया जा रहा है। डॉ. चौधरी ने बताया कि मशीन के लिए री-टेंडर किया गया है।