रायपुर। सिगरेट में गांजा भरकर पीने और पिलाने वाले आधा दर्जन से ज्यादा युवकों को क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी शहर के अलग-अलग पान की दुकान और चाय ठेलों से पकड़े गए हैं, जो इन जगहों पर ग्राहक तलाश कर रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार किया है। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने भेजा जा रहा है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय सिंह के अनुसार कासिम खान, बाबू ओझा, मनोज पंसारी, राजा पंसारी और संतोष दुबे को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी पुरानी बस्ती के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक साथ शहर के अलग-अलग चाय-पान की दुकानों में दबिश दी। यहां आरोपियों के पास से गांजा भरा हुआ सिगरेट बरामद किया गया। आरोपियों को टिकरापारा, सिविल लाइन, पुरानी बस्ती और कोतवाली थाना भेजा जा रहा है।
२०से २५ रुपए में एक सिगरेट
पुलिस के अनुसार आरोपी सिगरेट से तंबाखू निकालने के बाद बड़े ऐहतियात से उसमें गांजा भर देते थे। इसके बाद गांजा वाला एक सिगरेट वे उसे २० से २५ रुपए में बेचते थे। आरोपी ऐसे ग्राहक तलाश करते थे जो युवा हों और पैसे वाले हों। पहले तो वे अपने ग्राहकों को थोड़े सस्ते में ऐसी सिगरेट उपलब्ध कराते थे। गांजा वाली सिगरेट पीने के आदि होने पर वे ग्राहकों से मुंहमांगी कीमत वसूल करते थे। कभी-कभी बहुत ज्यादा जरूरत होने पर वे एक सिगरेट ५० रुपए की कीमत पर भी बेचते थे।