रायपुर। गुढ़ियारी के जनता कालोनी स्थित शिव-शीतला मंदिर से बीती रात चोरों ने भगवान के चांदी के मुकुट और दान पेटी से नकदी चुरा लिए। घटना की जानकारी सुबह मंदिर खोलने पर पुजारी को मिली। उन्होंने गुढ़ियारी थाने पहुंचकर चोरी का मामला दर्ज कराया।
गुढ़ियारी पुलिस के अनुसार पं. मनोज शास्त्री ने सुबह थाने पहुंचकर चोरी की सूचना दी। अज्ञात चोरों ने मंदिर के पीछे दरवाजे से दाखिल होकर शिव, गणेश, साईं भगवान की चांदी की मूर्ति चुरा ली। मंदिर की दान पेटी का ताला भी टूटा हुआ मिला। चोरों ने दान पेटी से नकद रकम भी चुरा लिए। चोरी करने के बाद वे पीछे के दरवाजे से भाग गए। पीछे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।