रायपुर। राजधानी के गुढिय़ारी क्षेत्र में ठीक ढंग से ड्यूटी न करने के नाम पर सिक्युरिटी कंपनी के कुछ लोगों ने अपने ही एक गार्ड की पिटाई कर दी। पुलिस ने गॉर्ड की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशोक नगर, गुढिय़ारी में रहने वाले हेमुलाल ठाकरे (45) ने एफआईआर दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह सरोरा स्थित कृष्णा आयरन पाइप में सिक्युरिटी गॉर्ड की नौकरी करता है। कल दोपहर वह दो बजे के आसपास अपनी ड्यूटी खत्म कर घर गया। घर से वापस आया तो मौके पर उसकी कंपनी के अजीत शुक्ला और एवन शुक्ला मिले। उन्होंने कहा कि तुम ड्यूटी के समय गायब रहते हो। तुम ठीक ढंग से काम नहीं कर रहे हो। इस पर जब हेमुलाल ने कहा कि वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद ही गया था तब दोनों आरोपी उसके साथ गाली-गलौज करने लगे और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद उन दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसे वहां भगा दिया। हेमुलाल को हल्की चोट लगी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।