रायपुर। खमतराई के मठपारा उरकुरा क्षेत्र में सोमवार एक तीन महीने की बच्ची घर से अगवा हो गई। उसकी मां ने दोपहर को खमतराई थाने में रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उरकुरा निवासी हेमलता बाई बच्ची को घर के कमरे में बंद कर नहा रही थी। नहाने के बाद जब वह लौटकर आई तो बच्ची कमरे में नहीं थी। उसने आसपास बच्ची की खोजबीन की। पड़ोसियों से भी पूछताछ की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह खमतराई थाना पहुंचकर बच्चे के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फिलहाल अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर महिला से घटना के संबंध में बयान ले रही है। बच्ची का पिता मनोहर कुमार उरकुरा के पास एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है।