रायपुर। पाटन में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के दौरान अचानक प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करनी पड़ी और आंसू गैस भी छोड़े गए। धान खरीदी, बोनस और राशन कार्ड को लेकर कांग्रेस का पाटन में धरना प्रदर्शन चल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी राज्य सरकार की नीतियों का विरोध करने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
सोमवार को दोपहर करीब पौने चार बजे अचानक भीड़ उग्र हो गई और हंगामा करने लगी। इस दौरान पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने तो पुलिस ने लाठी चार्ज का आदेश दिया। पुलिस के लाठीचार्ज करते ही भीड़ तितरबितर हो गई। फिर प्रदर्शनकारी पुलिस से ही भिड़ने लगी।
इसके बाद पुलिस को आसू गैस छोड़ने पड़े। पाटन पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में हैं। कांग्रेस के बड़े नेताओं की अपील के बाद प्रदर्शनकारी थोड़े नरम हुए और फिर से उनका धरना शुरू हुआ।