रायपुर । पहली बार रायपुर आएंगे सदी के महानायक
अमिताभ बच्चन लेकिन इनसे नहीं बच पाएंगे। पहली बार शहर के इंडोर स्टेडियम से लाइव होगा कौन बनेगा करोड़पति का शो लेकिन ये परेशान जरूर करेंगे। आप भी सोच रहे होंगे ऐसा क्या होगा। इंडोर स्टेडियम में एक दो नहीं बल्कि दर्जनों कबूतरों के घोसले हैं। अंदर घुसते ही इनके गुटर-गू, गुटर-गू की आवाज हॉल में गूंजती है।
गौरतलब है कि आने वाले सप्ताह से यहां कौन बनेगा करोड़पति का सेट बनाने का काम शुरू हो जाएगा। फिलहाल यहां रंग रोगन का काम जारी है। ऐसे में यहां कई दिनों से बसेरा बनाकर रह रहे कबूतर शो ऑर्गेनाइजर के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।
स्टेडियम स्टाफ ने बताया कि रोशनदान के कई कांच टूटे हुए हैं, इन्हीं में से कबूतर आए होंगे। खास बात ये है कि जहां-जहां कबूतरों ने घोसले बना रखे हैं वहां शो के लिए लाइट्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फिट किए जाने हैं ऐसे में ये भी एक मसला होगा जो शो में परेशानियां खड़ा कर सकता है।