पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ब्रांच मैनेजर बनाने का दिया झांसा, ठग लिए ढाई लाख

ब्रांच मैनेजर बनाने का दिया झांसा, ठग लिए ढाई लाख

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। राजधानी में विज्ञापन देकर बेरोजगारों को बड़े पदों पर नौकरी लगवाने का झांसा देते हुए उनसे हजारों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पलारी के एक युवक सहित कुछ लोगों से ढाई लाख रुपए ब्रांच मैनेजर के पद पर नौकरी लगवाने की बात कहते हुए ठग लिए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पलारी का रहने वाला अरुण कुमार देवांगन (29) इलेक्ट्रिशियन है। उसने सवा साल पहले अखबार में बड़े कंपनियों में नौकरी लगवाने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए कंपनी के ऑफिस के पते मोतीनगर में अरुण महाप्रबंधक से मिलने पहुंचा। सात जुलाई 2014 को उसने कंपनी के महाप्रबंधक चित्रा मन्नेट, धरमराज कन्नौजे और योगेश धनगर ने उसे कंपनी में नौकरी देने का झांसा दिया। उनकी तरफ से दावा किया गया कि कंपनी के पास 5500 रुपए से लेकर 18 हजार रुपए तक वेतन पैकेज की नौकरियां हैं। अरुण को 10-15 दिन की ट्रेनिंग के बाद कंपनी का ब्रांच मैनेजर बनाने की बात कही गई। अरुण से पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2000 रुपए जमा कराए गए। इसके बाद ट्रेनिंग के नाम पर कुछ दिनों तक उससे काम करवाया गया। इसके बाद ब्रांच मैनेजर बनाने के नाम पर 62250 रुपए ठग लिए गए। इसके बाद न तो कंपनी की तरफ से उसे ब्रांच मैनेजर बनाया गया न ही उसके पैसे वापस किए गए। जिस पते पर कंपनी का ऑफिस था, वह भी बंद हो गया। अरुण के साथ उसके कुछ परिचितों ने भी कंपनी के तीनों आरोपियों को नौकरी के नाम पर पैसे दिए। कुल ढाई लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस अब एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की पड़ताल कर रही है।