रायपुर। नार्थ-वेस्ट बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण समुद्र से नमी आ रही है। इस वजह से राजधानी में शाम या रात तक बारिश होने की संभावना है। हालांकि यहां लगातार बारिश होने की संभावना नहीं है, फिर भी एक-दो बार तेज बारिश मैच में खलल डाल सकती है।
लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी एम. गोपाल राव के अनुसार सिस्टम की वजह से अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की भी संभावना है। सोमवार की रात करीब 12 बजे अचानक तेज बारिश भी सिस्टम और दिनभर तेज धूप के कारण लोकल डेवलपमेंट से हुई है।
ग्राउंड सुखाने के हैं इंतजाम: हालांकि लोग इस बात से संतुष्ट हैं कि स्टेडियम में ग्राउंड सुखाने के पूरे इंतजाम हैं। लीग के पहले दिन जब काफी बारिश हो गई थी तब भी प्रबंधन ने मैदान को खेलने लायक बना दिया था। हालांकि लीग का पहला मैच दस-दस ओवर का कर दिया गया था।
सुबह से नहीं हुई बारिश: राजधानी में दोपहर ढाई बजे तक बारिश नहीं हुई है। लेकिन संभावना जताई जा रही है कि शाम को सोमवार की तरह ही बूंदाबादी हो, ऐसे में मैच में खलल हो सकता है।
आज होंगे दो मुकाबले:
चैंपियंस लीग टी-20 में आज दो क्वालिफाइंग मुकाबले हैं। पहले मैच में शाम चार बजे से लाहौर लायंस और सदर्न एक्सप्रेस की टीमें भिड़ेंगी। दूसरे मैच में रात आठ बजे से मुंबई इंडियंस और नार्दर्न नाइट्स आमने-सामने होंगे।