रायपुर। राजधानी के दुबे कॉलोनी की रहने वाली एक छात्रा को गायत्री नगर स्कूल के पास से एक युवक कार में ले गया फिर शाम को उसे वापस स्कूल के पास छोड़कर चला गया। दिनभर की तलाश के बाद जब शाम को छात्रा के सुरक्षित होने की जानकारी मिली तो उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। बाद में उन्होंने पुलिस में किडनैपिंग का मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार दुबे कॉलोनी में रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी 14 साल की बेटी गायत्री नगर स्थित एमजीएम स्कूल में कक्षा नवमी में पढ़ती है। सोमवार की सुबह उनकी बेटी घर से बस में स्कूल के लिए निकली। इसके बाद वह स्कूल पहुंची लेकिन अंदर नहीं गई। वहां से दुबे कॉलोनी का रहने वाला 22 साल का अंकित वर्मा नामक युवक उसे अपनी कार में बैठाकर ले गया। इसके बाद परिजनों को जब छात्रा के स्कूल नहीं जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने पड़ताल शुरू की। जानकारी मिली कि आरोपी युवक अंकित छात्रा को शाम को साढ़े चार बजे स्कूल के पास छोड़ गया। इस मामले को लेकर छात्रा के परिजनों ने पुलिस में मंगलवार की रात अपहरण का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।