पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • संदीप:घर बैठे कमाई का दिया झांसा, ऑफिस बंद कर पैसे के साथ कार लेकर भाग गए आरोपी

संदीप:घर बैठे कमाई का दिया झांसा, ऑफिस बंद कर पैसे के साथ कार लेकर भाग गए आरोपी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। राजधानी में आए दिन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। कम समय में अधिक कमाई, लॉटरी-ईनाम जीतने, घर बैठे हजारों की कमाई के साथ एटीएम कार्ड बदलने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए ठगे जा रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में शहर में ऑफिस खोल कुछ आरोपियों ने लोगों को घर बैठे काम करने की एवज में हजारों रुपए कमाने का झांसा दिया। झांसे में आकर एक व्यक्ति ने पहले काम लेने के नाम पर पैसे फिर अपनी कार उन्हें किराए पर दे दी। कुछ दिन बाद आरोपी अपना दफ्तर बंद कर कई लोगों से लाखों रुपए बटोरकर भाग गए। पुलिस अब उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
न्यू राजेन्द्रनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संतोषी नगर, टिकरापारा के रहने वाले 69 साल के सैयद रशीद अली ने एक महीने पहले अलास्का इंटरनेशनल कंपनी का एक विज्ञापन देखा। उसमें कहा गया था कि घर बैठे कमाएं हजारों रुपए। इस विज्ञापन को देखकर सैयद कंपनी के ऑफिस एमएमआई हॉस्पिटल के पास स्थित ईबा ईटालिया के पास पहुंचे। वहां कंपनी के अरविंद कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह नामक दो अधिकारी मिले। उन्होंने झांसा दिया कि कंपनी की तरफ से घर बैठे काम देकर पांच हजार रुपए से 50 हजार रुपए तक कमाएं जा सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक किलो रुद्राक्ष तुलसी की माला बनाने का काम दिया जाएगा। माला बनाने पर उन्हें पांच हजार रुपए महीने दिए जाएंगे।
काम लेने के लिए अमानत के तौर पर सैयद से 13 अगस्त को 1500 रुपए ले लिए गए। इसके बाद 3000 रुपए और लिए। झांसे में आकर सैयद उन्हें पैसे देते रहे। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने किराए पर कार लेने की बात कही तो सैयद ने अपनी इंडिका कार (क्रमांक सीजी 04, टीए 1226) उन्हें 15 हजार रुपए मासिक किराए पर दे दी। इसके बाद कंपनी की तरफ से न तो सैयद को काम करने का पैसा दिया गया और न ही कार का किराया। सैयद ने 16 सितंबर को जाकर देखा तो दफ्तर में ताला लगा हुआ था। पूछताछ में जानकारी मिली कि कंपनी कुछ दिनों से बंद है। आरोपी अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर सैयद की कार लेकर भाग गए। दोनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस अब धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी की तरफ से 100 से ज्यादा लोगों के साथ ठगी की गई है।