पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पुलिस ने दबाव के बाद बच्चियों पर अत्याचार करने वाले पिता के खिलाफ दर्ज किया एफआईआर?

पुलिस ने दबाव के बाद बच्चियों पर अत्याचार करने वाले पिता के खिलाफ दर्ज किया एफआईआर?

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। राजधानी के कबीर नगर में पिछले तीन माह से दो बच्चियों पर अत्याचार कर रहे उनके माता-पिता के खिलाफ पुलिस ने बुधवार देर रात तक जुर्म दर्ज नहीं किया था। मीडिया और चाइल्ड लाइन के दबाव के बाद आधी रात के बाद बच्चियों के माता-पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया।
11 साल की बच्ची मुस्कान की हालत गंभीर है, उसके सिर पर खून का थक्का जमा हुआ है और शरीर में कई जगह जलने के निशान मिले हैं। उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसका इलाज चल रहा है। दूसरी बच्ची नाजिया को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
आमानाका क्षेत्र के कबीर नगर में रहने वाले कुछ लोगों की जागरूकता के बाद चाइल्ड लाइन की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर एमआईजी 172 में रहने वाले कमल हसन और अंजली के घर में दबिश दी। वहां 11 साल की मुस्कान और 10 साल की नाजिया मिलीं। दोनों सहमी हुई थीं। उनके चेहरे हाथ-पैर में जलने के निशान थे। पूछताछ में दोनों बच्चियों ने बताया कि उनके माता-पिता उनको खूब मारते थे। उनकी सौतेली मां अंजली उन्हें भूखे-प्यासे रखकर उनसे दिनभर काम करवाती। काम न होने या खाना मांगने पर उनके साथ जानवर से बदतर सलूक किया जाता था। पहली पत्नी के छोड कर किसी और के साथ चले जाने के बाद कमल ने अंजलि से छह महीने लव मैरिज कर ली और उसके साथ रायपुर आकर रहने लगा। उसके गर्भवती होने पर मेरठ में दादी पास रह रही पहली पत्नी की दोनों बच्चियों मुस्कान और नाजिया को तीन महीने पहले वह रायपुर लेकर आ गया। उनकी पढ़ाई-लिखाई छुडवा कर उनकी सौतेली मां उनसे दिनभर काम करवाती थी। यही नहीं उन्हें टॉर्चर भी किया जाता था, दोनों बच्चियों के हाथ-पैर बांधकर उनकी सौतेली मां चाकू और चिमटा गर्म कर जलाती थी। पुलिस ने बुधवार की दोपहर छापा मारकर दोनों बच्चियों को आजाद कराया। चाइल्ड लाइन के अधिकारियों ने बताया कि मुस्कान के भौंहे, पीठ, सिर में जलने और मारने के कई निशान है। उसके हालत गंभीर है। उसके सिर पर खून का थक्का जमा हुआ मिला है। उसका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने बच्चों को बंधक बनाकर रखने और टॉर्चर के मामले में उनके पिता कमल और सौतेली मां अंजली के खिलाफ बाल संरक्षण अधिनियम 2000 के तहत जुर्म दर्ज किया है। पिता को हिरासत में ले लिया गया है। सौतेली मां को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

चाचा-चाची बनकर गुमराह करते रहे
पुलिस की दबिश के दौरान कमल हसन और उसकी पत्नी अंजली ने पहले दोनों बच्चियों को अपने बड़े भाई की बेटियां बताते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पहले उन्होंने बताया कि बड़े भाई की आर्थिक हालत खराब होने के कारण दोनों बच्चियों को दिल्ली से यहां लाकर अपने पास रखकर पालन-पोषण कर रहे हैं। इसके बाद दोनों मासूमों ने खुलासा किया कि कमल उसके पिता और अंजली उनकी सौतेली मां है।