( प्रतीकात्मक तस्वीर।)
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा क्षेत्र में बुधवार शाम को कोचिंग सेंटर जा रही एक स्कूली छात्रा के साथ बीच बाजार में छेड़छाड़ की गई। आरोपी युवक ने उसका हाथ पकड़कर उसके साथ अश्लील हरकत की। इस मामले में छात्रा की रिपोर्ट के बाद आरोपी युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांशीराम नगर सेक्टर एक में रहने वाली कक्षा 12वीं की 17 साल की छात्रा रोजाना की तरह अपनी स्कूटी में तेलीबांधा के श्यामनगर ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। उस दौरान लगभग रात आठ बजे गली नंबर एक के पास श्याम नगर का रहने वाला युवक युवराज पटेल ने छात्रा का रास्ता रोका।
उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। इस पर छात्रा के विरोध के बाद भी वह नहीं माना। इसके बाद उसके चिल्लाने के बाद आसपास के लोग घर से बाहर निकल आए तो आरोपी युवक वहां से भाग खड़ा हुआ। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।