रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा क्षेत्र के रविग्राम में रहने वाली 12 साल की एक बच्ची ने अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर खुद को आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में अंबेडकर अस्पताल भर्ती कराया गया था। लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंबेडकर अस्पताल के वॉर्ड ब्वॉय प्रेमलाल साहू की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रविग्राम के गली नंबर सात में रहने वाले जग्गू उर्फ जोगिंदर तनेजा की 12 साल की बेटी हर्षा तनेजा ने 16 सितंबर की रात लगभग साढ़े आठ बजे किचन में रखे मिट्टी तेल को अपने ऊपर डाल लिया। इसके बाद उसने माचिस से जलाकर खुद के ऊपर आग लगा ली। उस दौरान बाकी घर वाले दूसरे कमरे में थे। इससे पहले की घर वाले उसे बचा पाते वह बुरी तरह जल गई थी। उसे गंभीर हालत में अंबेडकर अस्पताल के बर्न युनिट में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची 65 फीसदी से ज्यादा जल चुकी थी। इलाज के दौरान 17 सितंबर की रात उसकी मौत हो गई। पड़ताल में सामने आया कि बच्ची मानसिक रूप से कमजोर थी। वह किसी की बात नहीं सुनती थी। पुलिस इस मामले में पड़ताल कर रही है।