रायपुर। दसवीं-बारहवीं का नया सिलेबस 2016-17 में लागू हो सकता है। माध्यमिक शिक्षा मंडल में इस संबंध में तैयारियां शुरू हो गई है। पुराने सिलेबस को संशोधित करने के लिए 19 सितंबर को विषय विशेषज्ञों की बैठक होगी। यहां संशोधन के संबंध में रूपरेखा तय की जाएगी। दसवीं-12वीं का सिलेबस 2006-07 में बदला गया था।
सिलेबस को हर पांच साल में अपग्रेड किया जाना था, यानी 2011-12 में नया सिलेबस लागू होना था। लेकिन माशिमं के उदासीन रवैये की वजह से संशोधन नहीं हुआ। ऐसे में पिछले आठ साल से छात्र उसी पुराने सिलेबस के आधार पर पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि दूसरी ओर सीबीएसई का पाठ्यक्रम लगातार अपग्रेड होता है। इसे लेकर माशिमं से भी सिलेबस को अपग्रेड करने की मांग उठती रही है। माशिमं के अधिकारियों ने बताया कि 19 को होने वाली बैठक में 28 विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे। सिलेबस अपग्रेड कैसे हो, इस पर चर्चा होगी।