रायपुर। चैंपियंस लीग के मुख्य दौर के मुकाबले में शुक्रवार को न्यूजीलैंड की नार्दर्न नाइट्स और दक्षिण अफ्रीका की कैप कोबराज की टीमें भिड़ेंगी। दोनों टीमों में तेज गेंदबाजों की फौज है। दोनों टीमों की जीत का दारोमदार भी इन पर रहेगा। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में हुए छह क्वालिफायर मुकाबले में 47 विकेट तेज गेंदबाजों ने ही झटके हैं।
मैच में नार्दर्न नाइट्स को तीन क्वालिफायर मैचों की जीत का फायदा मिलेगा। उनकी टीम के खिलाड़ी यहां के माहौल को अच्छी से जान गए हैं। तेज गेंदबाज टिम साउदी, ट्रेंट बाउल्ट, स्कॉट स्टाइरिस ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और मुख्य दौर के मैच में भी उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी। स्पिनर इश सोढ़ी ने भी अब तक कसी हुई गेंदबाजी की है। वहीं बल्लेबाजी में ओपनर बल्लेबाज एंटन डेवकिच और केन विलियम्सन ने एक बार फिर बड़ी साझेदारी की उम्मीद होगी। इसके अलावा कप्तान डेनियन फ्लिन और विकेटकीपर बल्लेबाज बीजे वाटलिंग से भी आक्रामक बल्लेबाजी की उम्मीद होगी।
फिलेंडर की अगुवाई में उतरेंगे कोबराज
कैप कोबराज की टीम में वेर्नोन फिलेंडर, चार्ल्स लेंगवेल्ट, रोरी क्लिनवेल्ट जैसे तेज गेंदबाज हैं जो कीवी बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा रॉबिन पीटरसन के कंधों पर होगा। अगर बल्लेबाजी की बात की जाए जो अनुभवी हाशिम अमला के अलावा जस्टिन कैंप, कप्तान जस्टिन ओंटांग और रिचर्ड लेवी किसी भी गेंदबाजी को ध्वस्त कर सकते हैं।
टॉस होगा महत्वपूर्ण
शहीद वीर स्टेडियम में टॉस बड़ी भूमिका अदा करेगा। मैच के दूसरे हाफ में ओस के कारण बल्लेबाजी आसान हो जाती है और स्पिन गेंदबाजी करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में जो टीम टॉस जीतेगी वह पहले गेंदबाजी ही करेगी। पिच पर हरी घास और यह काफी ठोस भी दिखाई पड़ रही है। ऐसे में यहां 160-170 रन का स्कोर खड़ा हो सकता है।