रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग में प्रधान पाठक, व्याख्याता और प्राचार्य के पदों पर जल्द पदोन्नति करने, समयमान वेतनमान, स्कूलों का समय पहले जैसे करने व अन्य मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ आंदोलन की तैयारी में है। मांगों को लेकर शिक्षक संघ ने शासन को 20 सितंबर तक की मोहलत दी है। आज कोई फैसला नहीं आने पर वे 22 सितंबर को स्कूल शिक्षा मंत्री केदार कश्यप का घेराव करेंगे। साथ ही इसी दिन बूढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर धरना प्रदर्शन भी देंगे।
इस आंदोलन के लिए शिक्षक संघ का प्रदेशभर में संपर्क अभियान चल रहा है। प्रांतीय प्रवक्ता जगदीश गोस्वामी का कहना है कि बड़ी संख्या में 22 सितंबर को शिक्षक रायपुर पहुंचेंगे।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि स्कूलों की नई समय-सारणी से शिक्षकों के साथ ही बच्चों को भी दिक्कत हो रही है। शाला संचालन के समय में बदलाव करने से शिक्षा में गुणवत्ता की बात कही जा रही है लेकिन गुणवत्ता कैसे आएगी यह समझ से परे है। संघ शाला संचालन समय बदलकर पूर्ववत 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक रखने की मांग कर रहा है। इसके साथ ही पदोन्नति, समयमान वेतन व अन्य लंबित मांगों को लेकर यह धरना-प्रदर्शन होगा।