रायपुर। पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के छत्र पूरक के लिए कल तक आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने उन छात्रों के लिए आवेदन करने का आखिरी मौका दिया है, जो ऑनलाइन आवेदन करने से चूक गए थे। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे छात्र विश्वविद्यालय आकर यहां से फार्म लेकर आवेदन कर सकेंगे। इन्हें ऑनलाइन फार्म भरने की पात्रता नहीं होगी।
वहीं दूसरी ओर पूरक परीक्षाएं 27 सितंबर से शुरू होनी है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग का काम चल रहा है। 25 सितंबर से प्रवेश पत्र भेजने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही प्रवेश पत्र विवि की वेबसाइट पर भी अपलोड किए जाएंगे।
27 सितंबर से 20 अक्टूबर तक होंगी पूरक परीक्षाएं :
बीए और बीए क्लासिक भाग-1,2 व 3 की परीक्षाएं क्रमश: 27,29, 30 सितंबर और 1, 4 और 7 अक्टूबर को होंगी। बीकॉम की परीक्षाएं 27, 29, 30 सितंबर व 1, 4, 7 और 8 अक्टूबर को होंगी। बीएससी 27, 29, 30 सितंबर और 1, 4 व 7 अक्टूबर को होंगी। बीसीए के तीनों संकाय की परीक्षाएं सबसे लंबी चलेगी। यह 27 सितंबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलेगी। बीएससी होम साइंस की परीक्षाएं 27 सितंबर से शुरू होकर 4 अक्टूबर तक होंगी।