रायपुर। अंबेडकर अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज मंगलवार को ओपीडी बंद होने से बिना इलाज कराए लौट गए। इलाज नहीं होन पर वे सीएमओ से भी बहस करते नजर आए। दूरदराज से आए मरीजों को मालूम ही नहीं था कि पितृ विसर्जन की छुट्टी है। अस्पताल प्रबंधन ने भी एक दिन पहले ओपीडी बंद होने की सूचना नहीं दी थी।
अंबेडकर अस्पताल प्रबंधन कभी भी समय रहते ओपीडी बंद होने की सूचना नहीं देता। इतना जरूर है कि एचओडी व डॉक्टरों को सर्कुलर जारी कर सरकारी छुट्टी की जानकारी दी जाती है, लेकिन आम मरीजों को इस बारे में कुछ भी पता नहीं रहता। कायदे से एक दिन पहले बोर्ड में अगले दिन ओपीडी बंद होने की सूचना दी जानी चाहिए। मंगलवार को 50 से 60 मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे थे।
गार्ड व सीएमओ से इस संबंध में हल्की बहस भी हुई। मरीजों का आरोप था कि छुट्टी की जानकारी पहले क्यों नहीं दी जाती ? बालोद से आए महेश सिन्हा, बिलासपुर के कुशल निषाद ने भास्कर को बताया कि छुट्टी की जानकारी नहीं होने के कारण वे सुबह अस्पताल पहुंच गए थे। । वह सुबह 9 बजे अस्पताल पहुंचा तो गार्ड ने ओपीडी बंद होने की जानकारी दी। ऑन ड्यूटी सीएमओ डॉ. बच्चू सिंह ने बताया कि अधिकतर मरीजों को छुट्टी की जानकारी नहीं थी। सभी को बुधवार को बुलाया गया है। गंभीर मरीजों को जरूर वार्ड में भेजा गया।