पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • महापौर की धमकी का असर, सोनी ने केबीसी के लिए जमा किए ९.८० लाख रुपए

महापौर की धमकी का असर, सोनी ने केबीसी के लिए जमा किए ९.८० लाख रुपए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। केबीसी के लिए इनडोर स्टेडियम का बकाया 16.86 लाख रुपए किराया नहीं पटाने पर महापौर किरणमयी नायक की धमकी का असर मंगलवार को दिखा। आयोजकों ने आज 9 लाख 80 हजार रुपए पटा दिए हैं। यह राशि नगर निगम के अकाउंट में आ गयी।
जोन सात के कमिश्नर डॉ. प्रीतम मिश्रा ने बताया कि आयोजक कंपनी से स्टेडियम के किराए के रूप में 16.86 लाख रुपए लेना बाकी था। 11 सितंबर को दो लाख पहली किश्त के रूप में मिले थे।
मंगलवार को जमा राशि के बाद 7 लाख 6 हजार रुपए आैर बाकी रह गए हैं। इसे एक-दो दिन में पटाने की बात आयोजक कंपनी ने कही है। 18 सितंबर से एक अक्टूबर के लिए स्टेडियम बुक किया गया है। इसका कुल किराया 18 लाख 86 हजार रुपए होता है।
एमआईसी मेंबर ने किया विरोध

केबीसी के आयोजन के लिए इनडोर स्टेडियम का किराए नहीं चुकाने पर ताला लगाने संबंधी महापौर किरणमयी नायक के बयान पर उनके ही एमआईसी सदस्य सहमत नहीं हैं। कार्यवाहक महापौर की कई बार जिम्मेदारी निभा चुके वरिष्ठ एमआईसी मेंबर मनोज कंदोई का कहना है कि यह बयान उचित नहीं कहा जा सकता। राजधानी में इतना बड़ा आयोजन हो रहा है और ऐसे में महापौर का बयान गैरजरूरी है।
किराया आज नहीं तो कल मिल ही जाएगा। वैसे भी एक बड़े मीडिया ने दो साल पहले डांडिया का आयोजन किया था। इसका किराया आज तक नहीं मिला है। केबीसी जैसे बड़े आयोजन को विवाद में नहीं घसीटा जाना चाहिए। सभी को बिग बी अमिताभ बच्चन का इंतजार है। सभी कार्यक्रम को लेकर काफी रोमांचित भी हैं।