रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय परिसर में विभाग के कर्मचारी हर दिन लाखों का दांव लगाते हैं। जुए में ऑन ड्यूटी कर्मचारियों के अलावा बाहरी लोग भी शामिल होते हैं। dainik bhaskar.com को जब पुलिस मुख्यालय में जुआ चलने की जानकारी मिली तो टीम ने दो दिनों तक मुख्यालय परिसर का मुआयना किया। राजभवन के पीछे बने विकास भवन की तरफ मुख्यालय परिसर में सीआईडी ऑफिस के सामने ऐसी जगह है जहां आम लोग आसानी से नहीं आ जा सकते। यहां पर दोपहर 12 बजे से लेकर रात आठ-नौ बजे तक लगातार दाव लगते हैं।
टीम ने पास जाकर देखा तो वहां दो ग्रुप में बैठकर ताश खेला जा रहा था और पैसे लगाए जा रहे थे। टीम ने सुरक्षित स्थान जाकर उनका वीडियो बनाया और फोटो लिए। लोग पैसे लेकर आते और दाव लगाते। हारने वालों में कुछ लोग चले जाते तो कुछ लोग दोबारा दाव लगाते।
जीतने और नया दांव लगाने वालों के लिए नया खेल चालू होता। पत्ते बांटने वाले प्रोफेशनल की तरह पत्ते फेंट रहे थे, जिन पर 100 रूपए से लेकर 1000 तक का दांव लगता। इसमें आरक्षक, प्रमुख आरक्षक, इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी समेत सीएएफ(छग आर्म्ड फोर्स) के जवान शामिल थे। मुख्यालय के क्लर्क भी काम छोड़कर जुआ खेलने आते हैं।
शाम हो जाने के बाद उजाले के लिए
मोबाइल के टॉर्च से काम चलाते हैं। टीम ने जब पास जाकर फोटो लेनी चाही तो सभी मोबाइल छोड़कर भागने लगे।
मुख्यालय के कर्मचारियों ने बताया कि काफी समय से यहां जुआ खेला जाता है। सैलरी मिलने के दिन के बाद से 15 दिन तक जुए का खेल जोरों पर रहता है। इसकी जानकारी आलाअधिकारियों को भी है। सीएएफ के पूर्व कमांडेंट की तो शिकायत भी हुई थी। कुछ कहने लगे कि टाइमपास के लिए खेलते हैं। फोटो लेने के बाद रिपोर्टर ने डीजीपी एएन उपाध्याय को इसकी जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए, लेकिन आधे घंटे तक कोई नहीं आया।
वीडियो: विनय वर्मा