रायपुर। राजधानी में स्कार्पियो चुराकर उसे बचने की कोशिश कर रहे दो लोगों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कार्पियो के साथ एक नग
मोबाइल भी जब्त किया है। क्राइम ब्रांच की पुलिस ने गुरुवार को दोपहर इस बड़ी चोरी का खुलासा किया।
क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आरोपी अनीष जैन 34 साल और मनीष पदमवार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मूल रूप से जगदलपुर के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच को आज मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन के पास स्कार्पियो लेकर घूम रहे हैं और वे वाहन बेचने की बात कर रहे हैं।
क्राइम ब्रांच के कोतवाली बीट ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को स्कार्पियो के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने डुप्लीकेट चाबी बनाकर वाहन चुराया है।
इसकी कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार अनीष हत्या के मामले में और मनीष मादक पदार्थ के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद आज कोर्ट में पेश किया गया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।