रायपुर। सदी के महानायक
अमिताभ बच्चन के रायपुर
केबीसी की शूटिंग के लिए आने की खबर मिलते ही शहर के अलावा प्रदेशभर से उनके प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब हैं। शनिवार की सुबह से रविवार तक कुछ ऐेसे प्रशंसक है जो इंडोर स्टेडियम के पास उनकी एक झलक पाने के लिए नजरें बिठाए हुए डटे हैं।
ऐसा ही कुछ नजारा इंडोर स्टेडियम के पास देखने को मिल रहा है।
अमिताभ बच्चन के होटल से इंडोर स्टेडियम आने को लेकर शनिवार से कुछ लोग वहां जुटे हुए हैं। बिलासपुर से आया 18 साल का जितेंद्र साहू का कहना है कि कहीं से पास मिल जाता तो बहुत अच्छा होता। अब पास मिलने की उम्मीद तो नहीं है इसलिए स्टेडियम के बाहर ही उनकी एक झलक पाने के लिए खड़ा हूं। रविवार को जुगाड़़ करूंगा कि कहीं से इंट्री हो जाए। रात तो यहीं सड़क पर ही गुजार दी है। जगदलपुर से आए 55 साल के रामकुमार ने मीडिया वालों से पूछा कि लंबू कब आएंगे, जब उनसे पूछा गया कि हमारा लंबू, स्टेडियम के अंदर है क्या। उन्होंने बताया कि हमारे समय में अमिताभ बच्चन को ज्यादातर लोग प्यार से लंबू ही बुलाते थे। उन्हें एक बार देखने के लिए यहां आया हूं। अब देखते हैं कब देखने को मिलता है। जब तक नहीं देख लेता हूं यहीं स्टेडियम के पास रहूंगा। इसी तरह अन्य कुछ लोग भी अलग-अलग शहर से उनकी एक झलक पाने के लिए आए हुए हैं।
डुप्लीकेट पास को लेकर अलर्ट पुलिस
रविवार को केबीसी की फायनल शूटिंग में हिस्सा लेने के लिए इंडोर स्टेडियम में सिर्फ पासधारियों को इंट्री दी जाएगी। पुलिस को सूचना मिली है कि डुप्लीकेट पास से भी लोग कार्यक्रम में घुसने की कोशिश कर सकते हैं। इसको लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर से पासधारियों को स्टेडियम में इंट्री दी जाएगी। यह सूचना मिली है कि कुछ लोग अंदर जाने की फिराक में डुप्लीकेट पास बनाकर लोगों को बेच रहे हैं। इस खबर को लेकर अब इंट्री गेट के पास
सोनी टीवी की तरफ से कुछ अधिकारी भी पास की जांच करने के लिए तैनात किए जा रहे हैं। वे पास की जांच कर ही लोगों को इंट्री देंगे। पुलिस और आयोजकों को आशंका है कि पास को स्कैन कर उसके डुप्लीकेट पास बनाए गए हैं।
इसके साथ अंदर जाने वालों लोगों की तीन स्तरीय जांच की जाएगी। खाने-पीने, पर्स, बैग के साथ जरूरत के अन्य सामान ले जाने की मनाही की गई है। यह सब मिलने पर उसे बाहर रखवा लिया जाएगा।
मोबाइल फोन ले जाने है कि नहीं इस पर पुलिस के अधिकारी स्पष्ट तौर पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। बतााया जा रहा है कि मोबाइल की मनाही की जा सकती है।