रायपुर। यहां के एक स्टेडियम में 'कौन बनेगा करोड़पति' के सीजन-8 की शूटिंग के बाद नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई की है। निगम ने सोमवार को कार्यक्रम से जुड़ी आयोजन कंपनी पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई स्टेडियम को नुकसान पहुंचाने के आरोप में की गई है। इसके अलावा, निगम ने स्टेडियम के बाहर ताला लगवा दिया। इस वजह से कंपनी की ओर से लगाया गया सेट और वहां रखा शूटिंग का सामान अंदर ही रह गया। बता दें कि फिल्म अभिनेता और कार्यक्रम के होस्ट
अमिताभ बच्चन ने रविवार रात यहां शूटिंग की थी।
रायपुर नगर निगम के जोन सात के कमिश्नर प्रीतम मिश्रा ने बताया कि केबीसी का सेट लगाने से वहां लगे वुडन फ्लोरिंग और मैदान को काफी नुकसान पहुंचा है। मिश्रा के मुताबिक, ताला तभी खोला जाएगा जब कंपनी जुर्माने की रकम और बकाया किराया जमा कर देगी। उधर, रायपुर की महापौर किरणमयी नायक ने कहा है कि अगर सोमवार शाम तक स्टेडियम का पूरा किराया जमा नहीं कराया गया तो कंपनी का सामान जब्त कर लिया जाएगा।
पहले भी दी थी चेतावनी
कार्यक्रम से जुड़ी आयोजन कंपनी ने 16.86 लाख रुपए में स्टेडियम बुक किया था। कंपनी की ओर से किए गए भुगतान के बाद 7 लाख 6 हजार रुपए बकाया के तौर पर शेष था। नगर निगम ने बकाए का भुगतान न करने की दशा में स्टेडियम पर ताला लगवाने की चेतावनी दी थी। अब जुर्माने की रकम को जोड़कर कंपनी को कुल 17 लाख 6 हजार रुपए चुकाने होंगे।
आगे की स्लाइड में देखिए केबीसी के सेट की और अधिक तस्वीरें
तस्वीरें: भूपेश केशरवानी