रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन क्षेत्र में संचालित एक फर्म का अकाउंटेंट 44 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले आरोपी के खिलाफ अब अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हुगली के रहने वाले सुमित गुप्ता रायपुर के लोधीपारा में रहते हैं। वे सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कालीनगर में श्रीराम इंटरप्राइजेस नामक फर्म चलाते हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके यहां अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत लोकनाथ चक्रवर्ती छह दिसंबर की सुबह 11:30 बजे दफ्तर में रखे 44 लाख रुपए से भरा बैग लेकर कहीं चला गया है। उसकी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। आरोपी अकाउंटेंट हुगली के डाटकोनी का रहने वाला है। पुलिस में सोमवार की रात मामला दर्ज कराया गया है।