फोटो: अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती फिजियोथैरिपी स्टूडेंट।
रायपुर। सप्ताह भर से राजधानी में धरना दे रहे फिजियोथैरिपी छात्रों में आठ छात्रों की तबियत मंगलवार को और बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन स्टूडेंट आईसीयू में हैं। सोमवार को छह छात्रों को बीमार होने के बाद भर्ती किया गया था।
राजधानी के फिजियोथैरिपी छात्र स्वतंत्र काउंसिल की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। इनका कहना है कि दिसंबर २०१२ से ही शासन ने इनके फिजियोथैरेपी काउंसिल की मांग को स्वीकार कर लिया था। तब से इन्हें भटकाया जा रहा है। अधिकारी कभी प्रक्रिया को दोषी देते हैं तो कभी काम में व्यस्तता बताकर मामले को टाल दिया जाता है।
शासन द्वारा राज्य में फिजियोथैरेपिस्टों की भर्ती की प्रक्रिया भी कागजों में सिमटी हुई है। मनमानी को देखते हुए प्रदेश में समस्त फिजियोथैरेपी के छात्र-छात्रा अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। कल 12 बजे 4 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, जिन्हें अंबेडकर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया। आधे घंटे में दो और छात्राओं की बेहोश हो गईं।
रात तक आंचल पटेल, अर्चना मरावी, अल्का प्रजापति, यामिनी लहरे, हर्षा जैन, दिव्यगुंजन साहू, जया काशी, शिखा शर्मा, पारुल पांडे, अनिल ओगर, विरेन्द्र साहू, और प्रशांत साहू को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।