(फोटो: स्कूल जहां का प्रभारी प्रिंसिपल गिरफ्तार किया गया है।)
रायपुर। राजधानी के उरला से लगे सरोरा के शासकीय स्कूल के प्रिंसिपल को छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्रिंसिपल की हरकत से परेशान होकर छात्राओं ने खुद ही पुलिस में शिकायत की। उन्होंने बताया कि वहां पदस्थ प्रभारी प्रिंसिपल क्लास लेने के दौरान कमरा बंद कर देता था और लड़कियों के शरीर में इधर-उधर टच करता था। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल को पकड़ कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उरला टीआई मीना चौधरी ने बताया कि सरोरा स्थित शासकीय माध्यमिक स्कूल के 9 और 10वीं की छात्राओं ने सोमवार को थाने में लिखित शिकायत की। बच्चों ने बताया कि स्कूल का प्रभारी प्रिंसिपल अरविंद तिवारी (36) उनके साथ छेड़छाड़ करता है। वह क्लास लेने के दौरान कमरे का दरवाजा बंद करवा देता था। पढ़ाने के दौरान लड़कियों के शरीर में हाथ फेरते रहता था। इसको लेकर छात्राओं द्वारा विरोध करने के बाद भी वे अपनी हरकत से बाज नहीं आया।
जब छात्रों ने सोमवार को लिखित शिकायत की तो इसकी जानकारी प्रिंसिपल को लगते ही वे बच्चों को धमकाने लगा। वे बच्चों से शिकायत वापस लेने की बात कहने लगा था। इसको लेकर कुछ बच्चे डर गए थे, वे कार्रवाई न करने की बात कहने लगे। पुलिस ने मंगलवार को पांच छात्रों की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां आरोपी को 23 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।