- Hindi News
- एमबीबीएस फाइनल में गायनी का परचा लीक, अधिकारियों ने किया इनकार
एमबीबीएस फाइनल में गायनी का परचा लीक, अधिकारियों ने किया इनकार
रायपुर। आयुष विश्वविद्यालय द्वारा कराई जा रही एमबीबीएस फाइनल पार्ट दो की परीक्षा में गायनी का परचा लीक होने की खबर के बाद कॉलेज प्रबंधन ने सख्ती बरत दी है। गुरुवार को हुई परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच कराई गई। हालांकि अधिकारी परचा लीक होने के मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
भास्कर संवाददाता को बुधवार की रात ८ बजे किसी मेडिकल छात्र का फोन आया। उसने बताया कि एमबीबीएस फाइनल ईयर पार्ट दो का परचा लीक हो गया है। कुछ छात्र ३५ से ४० हजार रुपए लेकर यह परचा बेच रहे हैं। फोन करने वाले स्टूडेंट ने परचा बेचने वाले व परचा खरीदने वाले का नाम भी बताया। यही नहीं परचा बेचने वाले का मोबाइल नंबर भी दिया। भास्कर संवाददाता ने जब मेडिकल स्टूडेंट द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो उसने कोई परचा बेचने से ही इनकार कर दिया। भास्कर संवाददाता को जिस स्टूडेंट ने फोन किया था, उसका दावा है कि सभी परचा लीक हुआ है और कुछ असामाजिक तत्व इसमें लिप्त है। उन्होंने परचा की कॉपी देने से इनकार कर दिया। साथ ही कहा कि इसमें बहुत खतरा है।
परचा लीक होने की जानकारी नहीं
इस संबंध में नेहरू मेडिकल कॉलेज के केंद्राध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल का कहना है कि उन्हें परचा लीक होने की जानकारी नहीं है। परीक्षा में कड़ी सुरक्षा बरती गई। ऐसा फाइनल की परीक्षा में होता ही है।
ऐसी शिकायत नहीं आई
आयुष विश्वविद्यालय के मुख्य परीक्षा नियंत्रक डॉ. केएल तिवारी का कहना है कि परचा लीक होने की शिकायत नहीं आई है। वे कुल शाम ७ बजे तक विवि कार्यालय में थे। अगर ऐसी शिकायत आई तो मामले की छानबीन कराई जाएगी।