(फोटो: पीके के प्रमोशन के दौरान मीडिया से बात करते आमिर खान)
रायपुर। अपनी आगामी फिल्म पीके के प्रमोशन के लिए गुरूवार को
आमिर खान रायपुर में थे, उनके साथ अनुष्का, राजकुमार हीरानी, विधुविनोद चोपडा और फिल्म के स्क्रीनप्ले राइटर अभिजात जोशी भी राजधानी पहुंचे थे। इस मौके पर आमिर ने भास्कर के पाठकों के साथ थ्री इडियट्स देखी और उनसे फिल्म के बारे में बातचीत भी की।
आमिर से जब यह पूछा गया कि महेश भट्ट ने रायपुर में कहा था कि वे पैसों के लिए सत्यमेव जयते करते हैं, तो उन्होंने कहा कि मैं साल में 5 फिल्म करके या सत्यमेव जयते की बजाए विज्ञापन करके इससे कही ज्यादा कमा सकता हूं। इस प्रोग्राम के लिए विज्ञापन छोड़कर मैंने लगभग 100 करोड़ का नुकसान किया है। मुझे लगता है कि महेश जी की जानकारी गलत है कि मैं पैसो के लिए सत्यमेव जयते कर रहा हूं। इस प्रोग्राम की असली कमाई है कि मैं जमीन स्तर के पावरफुल लोगों से मिल पाया हूं। मैं देश के करीब पहुंचा हूं। यहां से मुझे अनुभव की कमाई हुई है, जो अनमोल है।
सबसे ज्यादा कॉल के लिए छत्तीसगढ़ का शुक्रिया
आमिर खान ने कहा कि मैं छत्तीसगढ़ का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, क्योंकि सत्यमेव जयते के हर एपिसोड के बाद हम मिसकॉल के जरिए जो ऑडिएंस ओपिनियन मांगते थे, उसमें 90 प्रतिशत एपिसोड में सबसे ज्यादा कॉल छत्तीसगढ़ के होते थे। रायपुर के बारे में काफी सुना था, लेकिन यहां आने का कभी मौका नहीं मिला था। फिल्म के प्रमोशन के लिए जब रायपुर का नाम आया तो हमने तुरंत हामी भर दी। नया रायपुर के डेवलेपमेंट पर काफी कुछ पढा था, उन्होंने कहा कि समय की कमी की वजह से इस बार वे नया रायपुर नहीं घूम पाएंगे लेकिन यह भी कहा कि उन्हें मौका मिला तो वे उसे देखने जरूर आएंगे।
अब तक नहीं टूटा थ्री इडियट्स का रिकॉर्ड
बातचीत के दौरान विधु विनोद चोपडा ने बताया कि हालांकि धूम थ्री का
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बहुत अच्छा था लेकिन थ्री इडियट्स का रिकॉर्ड अब तक नहीं टूटा है। इस पर आमिर ने कहा कि दोनों उनकी ही फिल्में हैं लेकिन उन्हें लगता है कि धूम थ्री ज्यादा चली है। इस पर विधु ने उन्हें करेक्ट किया कि धूम थ्री का कलेक्शन अच्छा है लेकिन थ्री इडियट की टिकटें ज्यादा बंटी हैं। उन्होंने कहा कि दरअसल धूम 3 की टिकटें ज्यादा महंगी थी इसलिए उसका कलेक्शन ज्यादा हो गया।
अगले साल नहीं आएगा सत्यमेव जयते
आमिर ने कहा कि 5 साल से सत्यमेव जयते के लिए काम करते करते मैं और मेरी टीम जज्बाती तौर पर थक गए हैं। 2015 में सत्यमेव जयते नहीं आएगा। अब यह सीधा 2016 में आपके सामने होगा।
जिनकी सोच खराब है वे मेरे बारे में बुरी बात करते हैं
सत्यमेव जयते के बाद व्हाट्सएप पर लोग मेरे साथ आतंकवादियों की फोटो मर्ज करके पोस्ट करते थे। मैं देश के खिलाफ और केवल एक धर्म के लिए काम कर रहा हूं, ऐसे मैसेज पोस्ट किए जाते हैं। मुझे लगता है जिनकी सोच खराब है वे ऐसा करते हैं, निश्चित तौर पर ऐसे लोग देश के हित में नहीं सोचते।
छत्तीसगढ़ के कलाकार कमाल के
आमिर ने यह भी कहा कि मुझे पीपली लाइव करने में खूब मजा आया। इसमें नत्था सहित कई कलाकार छत्तीसगढ़ के रहे। तनवीर थिएटर ग्रुप के लोग इसमें शामिल थे। यहां के कलाकार कमाल का काम करते हैं।
मेरी फिल्म दर्शकों के दिल को छूनी चाहिए
आमिर खान ने कहा कि मेरे लिए यह मायने नहीं रखता कि फिल्म आर्ट है या कमर्शियल। अच्छी फिल्म मेरे लिए जरूरी है, मेरे लिए यह भी जरूरी है कि फिल्म इकोनॉमिकल रूप से कामयाब हो, क्योंकि एक फिल्म से कई लोग जुड़े होते हैं, इन सभी लोगों का खर्च निकलना बेहद जरूरी है। हालांकि, मैं 100 करोड़ या 200 करोड़ के क्लब में नहीं हूं, मैं गुड फिल्म मेकिंग क्लब में हूं।
पीके में हरी आंखें और लंबे कान
आमिर ने फिल्म पीके में अपने किरदार के बारे में कुछ राज खोले। उन्होंने कहा कि किरदार की अजीबोगरीब हरकत देखकर लोग सोचते हैं, वह पीके (शराब पीकर) आया है, इसलिए उससे इशारों में पूछते हैं, पीके और इस वजह से किरदार अपना नाम पीके समझने लगता है। फिल्म में आमिर ने हरे रंग के लेंस लगाए हैं। फिल्म के 90 प्रतिशत हिस्से में उन्होंने आंखें नहीं झपकाई हैं। चलते समय उनके हाथ नहीं हिलते हैं और उनके कान भी थोड़े लंबे किए गए हैं।
आगे की स्लाइड में देखें पीके प्रमोशन के लिए रायपुर पहुंची फिल्म की टीम की कुछ तस्वीरें
सभी फोटो: प्रवीण देवांगन