रायपुर। व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने अगले साल मई में होने वाली पीएमटी के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग से सिलेबस मांगा है। डीएमई कार्यालय जल्द ही पीएमटी के लिए सिलेबस भेज देगा। इस संबंध में शुक्रवार को तकनीकी विशेषज्ञों से सिलेबस के लिए मंथन भी शुरू कर दिया गया है। तकनीकी सलाहकार डीएमई डॉ. एनके गांधी ने बताया कि व्यापमं का सिलेबस के संबंध में पत्र आया है। हम 10-15 दिनों में पूरा सिलेबस भेज देंगे।
प्रदेश में दो साल बाद पीएमटी होने जा रही है। एआईपीएमटी में एसटी केटेगरी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार ने पीएमटी कराने का निर्णय लिया है। राज्य बनने के बाद पहली बार पीएमटी में माइनस मार्किंग सिस्टम रहेगा। इससे तुक्का मारने वाले अभ्यर्थियों को एमबीबीएस व बीडीएस के लिए क्वालीफाई करना आसान नहीं रहेगा। पीएमटी में बायोलॉजी के अलावा फिजिक्स व केमेस्ट्री विषय के प्रश्न रहेंगे। डीएमई कार्यालय सिलेबस बनाने में जुट गया है। इसके बाद इसे व्यापमं भेज दिया जाएगा। सिलेबस मिलने के बाद व्यापमं प्रश्न पत्र बनाने की तैयारी शुरू कर देगा। मई में पीएमटी होने के बाद जून प्रथम सप्ताह में रिजल्ट आने की संभावना है। सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार 23 जून तक मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की काउंसिलिंग पूरी हो जानी चाहिए। इस हिसाब से पीएमटी का रिजल्ट जल्द घोषित करने की संभावना रहेगी।