(फोटो:कचना तालाब में मिली युवक की लाश)
रायपुर। राजधानी के कचना बाबा डबरी तालाब के पास शुक्रवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर लाश को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है।
पंडरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुरा के रहने वाले दूधोलाल निषाद (35) की लाश शुक्रवार की सुबह कचना तालाब के पास मिली। जहां उसकी लाश मिली वह स्थान उसके घर से 10 से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है ऐसे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह वहां पहुंचा कैसे। पुलिस का अनुमान है कि युवक की मौत पानी में डूबने की वजह से नहीं हुई है, वे कह रहे हैं कि पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट आने पर कंफर्म हो जाएगा कि युवक की हत्या हुई है या किसी और कारण से उसकी जान गई है। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।