फोटो: रायपुर में कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते अमित शाह, डॉ रमन सिंह के साथ।
रायपुर. भाजपा की सरकार 05-10 साल नहीं बल्कि 50 साल तक चलेगी। ये दावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को किया। वे यहां छत्तीसगढ़ में रमन सरकार की तीसरी पारी के एक साल पूरा होने पर आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य 10 करोड़ कार्यकर्ता बनाने का है। ये लक्ष्य पूरा हुआ तो हम विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी होंगे और हमारी सरकार भी लंबे अर्से तक चलेगी। उन्होंने भाजपा के आगे बढ़ने की वजह भी बताई। उनका कहना है कि भाजपा अपनी विचारधारा और सुशासन दो वजहों से आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की सरकार की छह महीने की उपलब्धि गिनाते हुए केंद्र सरकार में अच्छे कार्यों का दम भरा।
छग में नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने छत्तीसगढ़ में रमन सरकार की तारीफ की। अध्यक्ष शाह ने कहा कि देश में लागू की जा रही योजनाओं में छग भी कई योजनाओं का मॉडल है। उन्होंने दावा किया कि ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अपने पैरों में खड़ा है। साथ ही नक्सली, शिक्षा, उद्योग जगत, महिला सुरक्षा हर क्षेत्र में बहुत काम किए हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री रमन सिंह को बधाई भी दी।
अमित शाह ने मैदान में बैठे सभी लोगों को कार्यकर्ता बनाने के लिए
मोबाइल पर सदस्यता नंबर डायल कराया। मौजूद लोगों का जोश देखते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ से 50 लाख सदस्य बनाने की अपील प्रदेश अध्यक्ष से की।
इस मौके पर रमन सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं में जान फूंकी। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में तीन-तीन बार जीत दर्ज करके हैट्रिक बनाई है। नगरीय और पंचायत के चुनाव दो-दो बार जीत चुके हैं। ये चुनाव जीतकर भी दोनों चुनावों में हैट्रिक बनाएंगे। ये संभव होगा कार्यकर्ताओं के काम से, जिन्होंने लोकसभा व विधानसभा चुनाव में जीत दिलाई। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को अपराजेय कहा और अमित शाह को नगरीय निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत जीत का भरोसा दिलाया। इस बीच उन्होंने छग की योजनाओं के बारे में भी बताया ।
इस दौरान पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान का भी संकल्प दोहराया। कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के सांसद, मंत्री, विधायक सहित संगठन के मंत्री भी मौजूद रहे।
हाइटेक सदस्यता- प्रदेश भर में अभी भाजपा के 13.57 लाख सदस्य है। इसमें 23 हजार 856 सक्रिय सदस्य हैं। अब इनकी संख्या 46 हजार करनी है। जो कार्यकर्ता 100 सदस्य बनाएगा, वहीं सक्रिय सदस्य बन सकेगा। सदस्य मोबाइल या नेट के माध्यम से बनाए जा सकते हैं।