पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जोगी से बदतमीजी: विरोध में छह पार्षद उम्मीदवारों ने लौटाया टिकट

जोगी से बदतमीजी: विरोध में छह पार्षद उम्मीदवारों ने लौटाया टिकट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। कांग्रेस भवन में शुक्रवार की देर रात तक हुई बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को लेकर हुई गाली गलौज के विरोध में शनिवार को बिलासपुर ग्रामीण सचिव ओम प्रकाश अग्रवाल ने पद से इस्तीफा दे दिया, साथ ही छह पार्षद प्रत्याशियों ने कांग्रेस भवन पहुंच टिकट वापस कर दिया।

पीसीसी चीफ भूपेश बघेल को लिखे पत्र में ओमप्रकाश अग्रवाल ने लिखा है कि शुक्रवार को टिकट वितरण के दौरान कांग्रेस भवन में जो भी हुआ वह अवांछनीय है। उन्होंने लिखा कि बिलासपुर जिला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल के द्वारा अजीत जोगी को लेकर अभद्र बात की गई जो कि असहनीय है। इसके विरोध स्वरूप उन्होंने सचिव पद से इस्तीफा दे दिया, उनके साथ ही छह अन्य पार्षद उम्मीदवारों ने अपना टिकट लौटा दिया।

उन्होंने जोगी विरोधी खेमे पर आरोप लगाया कि वे हमेशा जोगी के साथ बदतमीजी करते हैं और अपने भाजपाई रिश्तेदारों को कांग्रेस का टिकट दिलवाते हैं। उनके पत्र में टिकट वापस करने वाले छहों पार्षद प्रत्याशियों ने हस्ताक्षर किए हैं।
इन्होंने वापस किया टिकट
निर्माण जायसवाल, संतोष साहू, लालचंद वैश्य, शाहिद राईन, विकास शर्मा और रज्जाक खान।
क्या था मामला
बिलासपुर महापौर टिकट को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही कांग्रेस भवन में तनातनी थी। सूत्रों के अनुसार भूपेश बिलासपुर में रामशरण यादव को टिकट देने के पक्ष में थे, जबकि जोगी विष्णु यादव के नाम पर मुहर लगवाना चाहते थे। देर रात बैठक के दौरान बिलासपुर से आए कांग्रेस नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को लेकर गालीगलौज शुरू कर दिया। जोगी समर्थकों ने जैसे ही गालियां सुनीं, वे भी आपे से बाहर हो गए तथा दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान बाहर आए प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को निशाना बनाकर किसी जोगी समर्थक ने कुर्सी फेंकी। इससे तनाव और बढ़ गया तथा दोनों पक्षों में जमकर गालीगलौज और झूमाझटकी चली। विवाद बढऩे लगा तो किसी की सूचना पर काफी फोर्स मौके पर पहुंच गई। तब जाकर मामला शांत हुआ।