रायपुर। राजधानी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चल रहे जननी सुरक्षा योजना में नौकरी लगवाने के नाम पर कुछ लोगों द्वारा फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर पैसा मांगने का मामला सामने आया है। जब मिशन के अधिकारियों से बात की गई तो पता चला कि ऐसी कोई भर्ती नहीं हो रही है न ही उसके लिए पैसा मांगे जा रहे हैं। इस मामले में विभाग की तरफ से ही पुलिस में धोखाधड़ी का रिपोर्ट दर्ज कराया है।
पंडरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम अधिकारी (योजना) डॉ. मो. जावेद कुरैशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पास धमधा के रहने वाले राजू साहू नामक एक युवक ने डाक के माध्यम से मिशन में संचालित जननी सुरक्षा योजना में नौकरी लगवाने का फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा। राजू ने शिकायत कि उसे कुछ दिन पहले यह नियुक्त पत्र मिला है। इसे भेजने वाले आरोपी ने अपना
मोबाइल नंबर और बैंक खाते में 13700 रुपए जमा करने को कहा है। इसकी पड़ताल के लिए राजू ने मिशन के कार्यक्रम अधिकारी (योजना) को यह शिकायत भेजी है।
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि विभाग की तरफ से न तो कोई भर्ती की जा रही है न ही नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। यह सरासर फर्जी है। विभाग ने जब फर्जी नियुक्ति पत्र भेजने वाले के मोबाइल नंबर संपर्क किया तो पता चला कि वह मेरठ का रहने वाला है। वह फर्जी नियुक्ति पत्र भेज कर सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठता है। इस मामले में पुलिस ने विभाग की शिकायत के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।