रायपुर/धमतरी। धमतरी से रायपुर के बीच बिछी छोटी रेल लाइन में रविवार की सुबह ट्रेन और हाइवा की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन का इंजन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेन के ड्राइवर समेत तीन लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए रायपुर के अंबेडकर अस्पताल भेजा गया है।
ट्रेन धमतरी से रायपुर आ रही थी, सेंचुआ रेलवे क्रासिंग पर कोहरे की वजह से हाइवा का ड्राइवर ट्रेन को नहीं देख पाया और आगे बढ़ गया। तभी धमतरी की तरफ से आ रही ट्रेन और हाइवा के बीच भिड़ंत हो गई।
फिर हादसा, वजह आटोमैटिक बैरियर की कमी
बताते चलें कि इसी महीने वाराणसी के मउ में ट्रेन और स्कूल वैन की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में 7 बच्चों की मौत हो गई थी। दोनों हादसों की वजह एक ही है, एक आटोमैटिक बैरियर का न होना। यदि क्रॉसिंग पर बैरियर होता तो इन हादसों से बचा जा सकता था।
सौ साल पुरानी है रेललाइन
धमतरी से रायपुर के बीच बिछी छोटी रेल लाइन करीब 100 साल पुरानी है। इस लाइन में छोटी-छोटी कई क्रॉसिंग हैं जिनमें फाटक नहीं है। इसी लाइन के तेलिबांधा क्रॉसिंग का हाल ऐसा है कि ट्रेन का ड्राइवर खुद उतर कर फाटक बंद करता है, ट्रैफिक संभालता है, ट्रेन के गुजरने के बाद फाटक खोलता है उसके बाद फिर ट्रेन में सवार होता है।