रायपुर। अंबेडकर अस्पताल की बीएएसएलपी यूनिट में रविवार को स्पीच एंड हियरिंग वीक का समापन हुआ। इस दौरान डीन डॉ. एके चंद्राकर ने विभिन्न प्रतियोगिता में भाग लेने वाले व विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया। इस कार्यक्रम में शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल-प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
स्पीच एंड हियरिंग वीक के दौरान अस्पताल में आने वाले सभी बच्चों का निःशुल्क श्रवण, भाषा एवं वाणी परीक्षण हुआ। समापन समारोह के दौरान विकलांग बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें विजयी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। समापन समारोह में ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ० हंसा बंजारा, प्रोफेसर डॉ० वर्षा मुंगुटवार समेत काफी संख्या में विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
गौरतलब है कि सयुंक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1981 को अंतर्राष्ट्रीय विकलांग वर्ष के रूप में घोषित किया और सयुंक्त राष्ट्र संघ ने 3 दिसम्बर 1991 से प्रतिवर्ष अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस को मनाने की स्वीकृति प्रदान की थी। अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस का उद्देश्य शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को देश की मुख्य धारा में लाने के लिए मनाया जाता है। इसी क्रम में चिकित्सा महाविद्यालय के बीएएसएलपी यूनिट द्वारा तीन दिसम्बर से स्पीच एंड हियरिंग वीक की शुरूआत की गई।