रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती क्षेत्र में बीती रात 12 वीं के एक छात्र ने अपने घर में फांसी ला लगी। पुलिस को छात्र के कमरे से एक कॉपी मिली जिसमें उसने लिखा है, 'प्यार करता हूं...मुझे स्कूल जाना बंद करना पड़ा।' पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्र ने स्पष्ट तौर पर अपने सुसाइड करने का कारण नहीं लिखा है। पुलिस उसके माता-पिता से बात कर रही है और उसका
मोबाइल का डिटेल निकाल रही है।
पुरानी बस्ती टीआई धनमत साय देहरी ने बताया कि क्षेत्र के कुकरीपारा का रहने वाला जय सोनकर ने शनिवार की रात अपने कमरे में फांसी लगा ली। वह जेके दानी स्कूल में 12 में पढ़ता था। उसके परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम वह लगभग छह बजे के आसपास अपने कमरे में गया और पंखे के हुक में कपड़ा बांधकर फांसी लगा ली। उसके परिजनों ने रात सात बजे उसे देखा और अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि छात्र पिछले तीन महीने से स्कूल नहीं जा रहा था।
जिस कमरे में उसने फांसी लगाई पुलिस को वहां एक कॉपी मिली है, जिसके कुछ पन्नों पर उसने प्यार करता हूं...इसलिए स्कूल जाना हो गया बंद। इस तरह की बातें लिखी है। छात्र ने कहीं भी किसी का नाम या सुसाइड करने का कारण नहीं लिखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।