रायपुर। राजधानी के एसआरपी चौक (भगत सिंह चौक) में रविवार की दोपहर तेज रफ्तार से बाइक चला रहे युवक को ट्रैफिक रूल तोड़ने पर पुलिसवाले ने रोकना चाहा तो वह ड्यूटी पर तैनात कर्मी को ठोककर भाग गया। पुलिसवाले को चोट लगी है। पुलिस की तरफ से बाइक सवार अज्ञात युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है।
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैफिक में पदस्थ एएसआई सुभाष डडसेना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ एसआरपी चौक के पास ड्यूटी कर रहे थे। लगभग दोपहर सवा एक बजे बाइक (क्रमांक सीजी 12, सीए 4203) सवार एक युवक तेज गति से ट्रैफिक नियम को तोड़ते हुए आ रहा था। उसके ट्रैफिक रूल तोड़ने पर जब चौक में तैनात आर भूषण किशोर ने बाइक सवार को रोकना चाहिए तो वह भागने लगा। भागते हुए उसने रोकने वाले पुलिस आरक्षक पर बाइक चढ़ा दी। इससे आरक्षक के पैर में चोट लगी है। बाइक का रजिस्ट्रेशन कोरबा का है, पुलिस बाइक मालिक की डिटेल निकालकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है।