रायपुर। वेलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी के दिन स्कूलों में मातृ-पितृ दिवस मनाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किया है। इसके तहत उस दिन स्कूलों में बच्चों के पालकों को सम्मानित किया जाएगा।
पिछले दो साल स्कूलों में मातृ-पितृ दिवस मनाने की यह यह परंपरा चल रही है। इस वर्ष भी परंपरा को बरकरार रखा गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों का पत्र लिखकर उस दिन यह दिवस मनाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि हर साल इस तिथि को यह कार्यक्रम होगा। इस संबंध में अलग से प्रतिवर्ष कोई आदेश नहीं निकाला जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी स्कूलों में इस दिन खुद ही मातृ-पितृ दिवस मनाने की व्यवस्था करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष चावरे का कहना है कि स्कूल के प्राचार्यों को इसके लिए निर्देशित किया गया है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के पालकों को ये सूचित करेंगे। साथ ही उस दिन स्कूल में कार्यक्रम की व्यवस्था करेंगे।