- Hindi News
- रायपुर : रबी फसलों की ८५ प्रतिशत बोनी पूर्ण
रायपुर : रबी फसलों की ८५ प्रतिशत बोनी पूर्ण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चालू रबी मौसम में १५ लाख ९० हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का ८५ प्रतिशत है। राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा इस वर्ष १८ लाख ७६ हजार हेक्टेयर में रबी फसल बोने का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रबी मौसम में गेहूं, धान, मक्का और जौ-ज्वार सहित अन्य अनाज फसल चार लाख २० हजार हेक्टेयर में बोने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरूद्ध नौ फरवरी की स्थिति में तीन लाख ५६ हजार ३८० हेक्टेयर में किसानों ने बोनी पूर्ण कर ली है। दलहनी फसलों के अंतर्गत तीन लाख ४८ हजार ३४० हेक्टेयर में चना, ४७ हजार १८० हेक्टेयर में मटर, २७ हजार ४२० हेक्टेयर में मसूर, १५ हजार ३१० हेक्टेयर में मंूग, १० हजार ८७० हेक्टेयर में उड़द, तीन लाख ३४ हजार ६६० हेक्टेयर में तिवरा, २७ हजार ९०० हेक्टेयर में कुल्थी तथा छह लाख ८८० हेक्टेयर में अन्य दलहनी फसलें बोयी जा चुकी है। इस प्रकार कुल आठ लाख १८ हजार ५६० हेक्टेयर में दलहनी फसलों की बुआई हो चुकी है। प्रदेश में रबी मौसम में अलसी, तिल, सूरजमुखी, राई, सरसो, तोरिया, कुसुम, मूंगफल्ली के साथ-साथ अन्य तिलहनी फसलें ली जाती है। चालू रबी मौसम में लगभग दो लाख ३२ हजार ३० हेक्टेयर में दलहनी फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। वर्तमान में २४ हजार ४३० हेक्टेयर में गन्ने की रोपाई हो चुकी है। इसी प्रकार एक लाख ९५ हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में साग-सब्जी की बोनी भी की जा चुकी है। एक लाख ८३ हजार ९०० हेक्टेयर में अन्य फसलें भी बोयी जा चुकी है।