रायपुर। जिन पुलिस वालों पर गुण्डे बदमाशों को पकड़ने की जिम्मेदारी है, अगर वही गुण्डों के साथ बैठकर जुआ खेलने लगें तो सोचिये क्या होगा। कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है रायपुर के कोतवाली थाना इलाके में जहां दो पुलिसकर्मी एक गुण्डे के साथ बैठकर जुआ खेल रहे थे। सबसे बड़ी बात तो यह कि जुए का यह खेल पुलिस लाइन की बैरक में ही चल रहा था और जुआ खेलते दोनों पुलिसकर्मी उस दौरान ऑन ड्यूटी थे।
पुलिस लाइन के अंदर चल रहे जुए के इस खेल की जानकारी किसी ने पुलिस के आला अधिकारियों को दे दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर जुआ खेलते नामी बदमाश दीपक नायर व एक आरक्षक सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर लिया वहीं एक अन्य आरक्षक रविंद्र पटेल फरार हो गया है। पुलिस की मानें तो जुआ खेलता विनोद सिंह नामक एक अन्य युवक भी फरार है, जो कि एक हवलदार का पुत्र है। दोनों पुलिसकर्मी जिस दीपक नायर के साथ जुआ खेल रहे थे, वह कोतवाली थाने का नामी बदमाश है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में कई संगीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान जुआ खेल रहे दोनों ही पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।