रायपुर। वायरस के वायरल से इन दिनों लोग
फेसबुक पर खूब परेशान हो रहे हैं। लोगों को पता भी नहीं चल रहा और उनके आईडी से वल्गर वीडियो पोस्ट हो रहा है, यहां तक कि विडियो में अपने आप कुछ फ्रेंड्स टैग भी हो रहे हैं। खास बात यह है कि पता लगने के बाद भी इस विडियो को आप डिलीट भी नहीं कर सकते हैं। यह विडियो जिसके आईडी से पोस्ट हुआ है, उसके सारे फ्रेंड्स की वॉल पर नजर आएगा, लेकिन उसकी खुद की वॉल पर यह ढूंढने से भी नहीं मिल रहा है।
लिंक पर क्लिक करते ही पोस्ट होगा विडियो
दरअसल यह वायरस फ्रेंड्स के मैसेज बॉक्स से लिंक के रूप में आ रहा है। जैसे ही आप इस लिंक पर क्लिक करेंगे, वल्गर वीडियो अपने आप आपके आईडी से पोस्ट हो जाएगा। इसी तरह फ्रेंड के आईडी से वायरस की वजह से पोस्ट हुए विडियो की लिंक अगर आप क्लिक करेंगे, तो भी विडियो आपके आईडी से बिना आपकी जानकारी के पोस्ट हो जाएगा।
खबर भी नहीं लगेगी
पोस्ट हुए वल्गर विडियो के बारे में आपको खबर भी नहीं लगेगी। कॉलेज स्टूडेंट तन्मय शर्मा ने बताया कि उनके आईडी से एक वल्गर विडियो पोस्ट हुआ इसकी जानकारी उन्हें तब लगी जब फ्रेंड्स ने पूछा कि आजकल तुम कैसे लिंक शेयर कर रहे हो। एक फ्रेंड ने अपनी वॉल पर दिखाया की विडियो तन्मय की आईडी से ही पोस्ट हुआ है। लेकिन जब उन्होंनें अपनी वॉल में जाकर वीडियो ढूंढ़ा, तो वह नजर भी नहीं आया।
कोई भी लिंक पर क्लिक ना करें
साइबर एक्सपर्ट शुभम साहू कहते हैं कि फेसबुक पर इस तरह के वायरस एप्लीकेशन से फैलते हैं। ये बड़ी ही अट्रैक्टिव हैडिंग वाले विडियो होते है जिसे अोपन करने पर एक नया पेज खुलता है और वायरस डाउनलोड हो जाता है। कई बार यहां अडोब फ्लैश प्लेयर अपडेट करने का बॉक्स पॉपअप होता है, जिसे लोग क्लिक कर देते हैं, यह फेक होता है और इसके माध्यम से वायरस आपकी पर्सनल इन्फॉर्मेशन तक हैक कर लेता है। इस तरह के कुछ एप्स सिक्योरिटी सेटिंग में एप्स और ऑल एक्टिविटी ऑफ एप्स डिलीट करके हटाए जा सकते हैं। लेकिन बेहतर है कि बिना सोचे समझे किसी भी वीडीयो को डाउनलोड ना करें।