रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर की मेयर मधु नरेश किन्नर गुरुवार को फिर पुराने अंदाज में नजर आईं। उन्होंने शहर में आयोजित एक भागवत कथा के कार्यक्रम में जमकर डांस किया। उनकी पीए किन्नर कुंती भी खूब झूमीं।
कम ही लोग जानते हैं कि मधु एक कथक नृत्यांगना भी हैं। मेयर बनने के पहले कई मंचों में पर वह अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। भागवत कथा के दौरान राधा-कृष्ण के भजनों पर लोगों को थिरकता देख वह खुद को रोक नहीं सकीं। अपनी पीए के साथ वह देर तक झूमती रहीं।
अपनी मेयर को ऐसा करते देख कुछ लोग हैरान थे, तो कुछ को इसमें अपनापन झलक रहा था। यह पहला मौका था जब शहर की प्रथम नागरिक ने इस तरह सार्वजनिक स्थान पर डांस किया हो। भागवत कथा के आयोजक सुनील नामदेव ने बताया कि उन्हेें मेयर का वहां नृत्य करना काफी अच्छा लगा।
इस संबंध में बात करने पर मेयर मधु किन्नर ने कहा, "हम भी इंसान हैं। हमारे अंदर भी भक्ति की भावना है। लोगों ने हमें मेयर बनाया है। कथा के दौरान कई लोगों ने डांस करने का अनुरोध किया। ऐसे में मैं जनता के अनुरोध को नहीं ठुकरा सकती।" मेयर का कहना है कि नृत्य कर उन्होंने अपनी भक्ति के साथ-साथ लोगों की भावनाओं का सम्मान किया है।
चुनाव जीतकर रचा था इतिहास
मधु नरेश किन्नर पिछले ही महीने रायगढ़ नगर निगम का चुनाव जीतकर मेयर बनी हैं। वह छत्तीसगड़ की पहली किन्नर मेयर हैं। छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार हुआ जब एक किन्नर ने निर्दलीय प्रत्याशी होते हुए स्थापित पार्टियों के उम्मीदवारों को नौ हजार से अधिक वोटों से शिकश्त दी।
मधु ने जीवन में पहली बार चुनाव लड़ा था। उन्होंने मधु ने बीजेपी के महापौर पद के उम्मीदवार महावीर चौहान और कांग्रेस पार्टी के जेठूराम मनहर को 9500 वोटों से हरा दिया। इससे पहले मेयर पद पर बीजेपी का कब्जा था।
शबनम मौसी के नक्शेकदम पर!
उल्लेखनीय है कि इससे पहले किन्नर शबनम मौसी 2000 में मध्य प्रदेश के सोहागपुर विधानसभा सीट 18 हजार मतों से जीती थीं। उतने वोट उस वक्त के कांग्रेस और बीजेपी उम्मीदवारों को मिलाकर भी नहीं थे। उन्हें 2012 में सिर्फ 118 वोट मिले। बता दें कि शबनम मौसी पर बनीं फिल्म में आशुतोष राणा ने अभिनय किया है।
आगे देखें मेयर मधु नरेश किन्नर की कुछ और तस्वीरें।