पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउदयपुर. जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के संगठक एल.एम.टी.टी. कॉलेज में पढऩे वाले छात्रों के हाथों में किताबों की जगह फावड़े और तगारियां थी। वे साफ सुथरी यूनिफॉर्म में थे, लेकिन कुछ ही देर में मिट्टी से सने नजर आए। छात्रों की हालत देखकर हर किसी को आश्चर्य हुआ। दरअसल, ये कॉलेज छात्र समाज सेवा का नेक काम कर रहे थे।
टी.टी कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों ने शुक्रवार सुबह बेदला स्थित ऐतिहासिक कुंडेश्वर महादेव बावड़ी और साकरोदा स्थित प्राचीन बावड़ी की सफाई की। विद्यार्थियों की सोच थी कि आगामी मानसून के दौरान बावड़ी में जो पानी जाए, वह साफ सुथरा हो।
साकरोदा में प्रभारी डॉ. कैलाश चौधरी और पुनीत पंड्या के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने बावड़ी की सफाई की। इससे पूर्व ग्रामीण को जल संरक्षक और पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। बेदला स्थित ऐतिहासिक बावड़ी की सफाई के दौरान उपसरपंच विनोद बावला व्यवस्थापक धमेंद्र राजोरा, प्रभारी सरिता मेनारिया, दीपेश भट्ट, ए.आर. जीवन आदि मौजूद थे।
दोनों गांवों में विद्यार्थियों ने समाज सेवा का संदेश देते आदर्श वाक्य लिखे। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि मन में काम के प्रति श्रद्धा और विश्वास हो तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता।
नुक्कड़ नाटक के साथ रैली भी निकालेंगे: टी.टी. कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से शनिवार को साकरोदा, नाई, बेदला गांवों में नुक्कड़ नाटक करने के साथ ही रैलियां भी निकाली जाएगी। जिनके माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या निषेध, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, शिक्षा का अधिकार विषयक जागरूकता संदेश दिए जाएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.