पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चारों दिशाओं से उठी परशुराम के जयकारों की गूंज

चारों दिशाओं से उठी परशुराम के जयकारों की गूंज

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उदयपुर. भगवान परशुराम सर्व ब्रह्म समाज समिति की ओर से परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। इसी को लेकर सुबह आठ बजे शहर की चारों दिशाओं से वाहन रैलियां निकली, जो सेक्टर 11 स्थित वल्लभाचार्य पार्क पहुंची। वहां स्थापित परशुराम प्रतिमा की पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। आयोजन में शहर भर से सैकड़ों ब्राह्मण समाज जन शामिल हुए। दोपहर तक चले आयोजनों में सभी ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाए।

रैलियों में झूमते चले युवा

भगवान परशुराम सर्व ब्राह्मण समाज समिति के महासचिव के.के. शर्मा ने बताया कि शहर के रामपुरा चौराहा, साइफन चौराहा, बोहरा गणेश मंदिर, सेक्टर चार और सेक्टर 14 सीए सर्कल से वाहन रैलियां निकली। जिनमें सैकड़ों ब्राह्मण युवा शामिल हुए।

रैलियों में कई युवा वाहनों पर थे तो कई सड़क पर झूमते, नाचते, परशुराम भगवान के जयकारे लगाते चल रहे थे। विभिन्न मार्गों से गुजरती रैलियां करीब 10 बजे वल्लभाचार्य पार्क पहुंची।

आहुतियां देने को लगी होड़

भगवान परशुराम सर्व ब्राह्मण समाज समिति के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने बताया कि वल्लभाचार्य पार्क में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चारण किया। वहीं ब्राह्मण समाज की विभिन्न जातियों के 11-11 पदाधिकारियों ने आहुतियां दी।

समाज जनों ने परशुराम प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। समाज के विशिष्ट व्यक्तियों ने भगवान परशुराम की जीवनी और ब्राह्मण समाज एकता विषयक विचार रखे।

Photo_Tarachand Gawariya