पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउदयपुर. राजसमंद में तासोल राउमावि में अध्यापकों की कमी के बावजूद दो अध्यापकों का तबादला कर देने से गुस्साए तासोल के ग्रामीणों ने स्कूल पर तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन करीब चार घंटे तक चला। इस दौरान पसूंद-केलवा मार्ग पर एक घंटा तक वाहनों की आवाजाही रुकवा दी गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों व पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद ताला खोला गया।
तासोल राउमावि में प्रधानाध्यापक सहित सात अध्यापक कार्यरत हैं। दो वरिष्ठ अध्यापकों के पद खाली हैं। इसके बावजूद पिछले दिनों तबादला सूची में अंग्रेजी और विज्ञान के दो वरिष्ठ अध्यापकों का स्थानांतरण आदेश निकाल दिया। एक महीने पहले भी गणित, संस्कृत और हिंदी के तीन अध्यापकों का प्रमोशन हो जाने से पद खाली हो गए थे।
रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं करने तथा दो अध्यापकों के तबादले से ग्रामीण गुस्सा गए। सुबह स्कूल खुलने पर विद्यार्थी व अभिभावक स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए। इसके बाद स्कूल के प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया गया।
संस्था प्रधान सहित छह अध्यापक स्कूल में थे। इस कारण वे भी बाहर नहीं निकल पाए। केलवा से पुलिस जाप्ता, अतिरिक्त जिला शिक्षाधिकारी मदन टेलर व कुंवारिया नायब तहसीलदार भंवरलाल सुथार मौके पर पहुंचे।
इसके बाद अभिभावकों से समझाइश चली, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। तालाबंदी के बाद बच्चों सहित ग्रामीणों ने केलवा से पसूंद को जोडऩे वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही रुकवा दी।
समझाइश पर एक घंटा बाद जाम खुलवाया जा सका। अतिरिक्त डीईओ ने अन्य अध्यापकों की नियुक्ति नहीं होने तक हाल में स्थानांतरित होने वाले दोनों अध्यापकों को रिलीव नहीं करने के आश्वासन दिया। इसके बाद ताला खुलवाया गया।
अधिकारियों से बात करेंगे
अभिभावकों से समझाइश कर ताला खुलवा गया। रिक्त पदों को लेकर उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।
- मदन टेलर, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.