पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउदयपुर। अभिनेता सन्नी देओल व प्रीति जिंटा की फिल्म 'भैयाजी सुपरहिट' की शूटिंग उदयपुर में होगी। फिल्म की कहानी बनारस की है, मगर आधे से ज्यादा हिस्से में उदयपुर के सीन नजर आएंगे। इसमें शहर व आसपास की तमाम सुंदर 10-12 लोकेशन होंगी। दो-तीन गाने और एक्शन सीन भी फिल्माए जाएंगे।
उदयपुर में जन्मे और नौवीं कक्षा तक इसी शहर में पढ़ाई करने वाले फिल्म निर्देशक नीरज पाठक इस फिल्म को लिखने के बाद निर्देशित कर रहे हैं। शूटिंग एक सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है जो एक महीने तक चलेगी। उदयपुर में लोकेशन देखने आए निर्देशक नीरज पाठक ने उदयपुर के अपने व्यस्ततम कार्यक्रम के बीच दैनिक भास्कर के साथ संक्षिप्त चर्चा में फिल्म के बारे में जानकारी दी।
कॉमेडी के साथ एक्शन व रोमांस का तड़का :
उन्होंने बताया कि इस कॉमेडी फिल्म में एक्शन और रोमांस का तड़का भी है। लंबी-चौड़ी स्टारकास्ट और लाजवाब कहानी यूएसपी है ही। फिल्म में प्रकाश राज, अरशद वारसी, अमीषा पटेल, मिथुन चक्रवर्ती, मीरा चोपड़ा के भी अहम रोल हैं। निर्माता चिराग धारीवाल हैं। फिल्म की पृष्ठभूमि बनारस (उत्तरप्रदेश) भी है, लिहाजा भैयाजी सुपरहिट टाइटल रखा है। भैयाजी के लीड रोल में सनी देओल हैं।
मेरे बचपन की यादों का शहर है यह : नीरज
फिल्म निर्देशक नीरज पाठक ने कहा कि 'उदयपुर मेरे बचपन की यादों का शहर है।Óउन्होंने बताया कि 'वे नौवीं क्लास तक इसी शहर में पढ़े हैं। पुराने दोस्त, फतहसागर की हिलोरे, हरे-भरे अरावली पहाड़ों के खूबसूरत नजारे सबकुछ उन्हें याद हैं।' लोकेशन देखने के बाद उन्होंने बताया कि इतने बरसों से फिल्में बना रहा हूं, लेकिन अपने शहर को फिल्माने का मौका अब आया। अपने शहर में महीनेभर तक शूटिंग करने का अवसर है। जरूरत के हिसाब से शहर की प्रतिभाओं को भी मौका देंगे।
कौन हैं नीरज :
बॉलीवुड में नीरज हरफनमौला माने जाते हैं। अपने, परदेस सहित राइट या रांग, गुमनाम द मिस्ट्री, इकरार बाय चांस, दिल दिया है जैसी फिल्मों में संवाद- पटकथा लेखन कर चुके हैं। राइट या रांग में डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रहे, मुंबई चार्ली में एक्टिंग दिखाई और रास्कल के गाने में आवाज देकर सुरों का जादू भी दिखा चुके हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.