- Hindi News
- मैट्रिक के लिए 894 व इंटर के लिए 406 परीक्षा केंद्र बने
मैट्रिक के लिए 894 व इंटर के लिए 406 परीक्षा केंद्र बने
00 21 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा में राज्य भर से शामिल होंगे 7 लाख 80 हजार स्टूडेंट्स
भास्कर न्यूज रांची।
मैट्रिक और इंटर की वार्षिक परीक्षा 21 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने अपनी ओर से तैयारी पूरी कर ली है। राज्य भर में मैट्रिक के लिए कुल 894 और इंटर के लिए 406 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इस बार राज्य भर से मैट्रिक में 299329 और इंटर में 480689 और कुल सात लाख 80 हजार 18 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल होंगे। रांची जिले में मैट्रिक के लिए 108 और इंटर के लिए 36 परीक्षा केंद्र बने है। जिले में मैट्रिक में 43095 और इंटर में 34053 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को परीक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है।
लगाए जाएंगे 50 ऑब्जर्वर
जैक द्वारा कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए लिए भी आवश्यक तैयारी किए जा रहे है। परीक्षा में इस बार करीब 50 ऑब्जर्वर लगाए जाएगे। परीक्षा के दौरान झारखंड एकेडमिक काउंसिल में मुख्य नियंत्रण कक्ष होगा। इसके अलावा दुमका कार्यालय और मेदिनीनगर स्थित जैक कार्यालय में भी नियंत्रण कक्ष काम करेगा। इसके अलावा सभी जिलों में भी परीक्षा के सफल संचालन के लिए डीईओ कार्यालय नियंत्रण कक्ष बनाया जा रहा है। रांची डीईओ कार्यालय में नियंत्रण कक्ष सुबह 8 बजे से शाम 7.30 बजे तक काम करेगा।
चोरी की घटना के लिए केंद्राधीक्षक होंगे जिम्मेदार
केंद्राधीक्षकों को निर्देश जारी किया गया है कि अगर किसी तरह की नकल की घटना परीक्षा के दौरान होती है तो इसके लिए वे जिम्मेदार होंगे। किसी भी केंद्र पर नकल कराने वाले या सहयोग कराने वाले को बिना वारंट गिरफ्तार करने का भी निर्देश हैं।
इलेक्ट्रानिक गैजेट पर रहेगी पाबंदी
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को किसी भी तरह का इलेक्ट्रानिक गैजेट (मोबाइल, पेजर, माइक्रोफोन आदि) ले जाने पर सख्त पाबंदी लगा दी है। निर्देश में कहा गया है कि अगर छात्रों के पास से इस तरह के उपकर पाए जाते है तो केंद्राधीक्षकों के साथ साथ परीक्षार्थियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।