मेन रोड की सड़कों पर अब चलना होगा आसान
00 सड़क की दोनों ओर बनेगी नालियां होगा फुटपाथ का निर्माण
00 पीडब्ल्यूडी ने 10 करोड़ 65 लाख रुपए किए स्वीकृति, शीघ्र शुरू होगा निर्माण कार्य
भास्कर संवाददाता, रांची।
मेनरोड में पैदल चलने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें शीघ्र ही भीड़ भाड़ से छुटकारा मिलेगा। पीडब्ल्यूडी मेन रोड में फुटपाथ निर्माण कराने जा रहा है। इसके लिए विभाग ने राशि स्वीकृत कर दी है। फुटपाथ के बनने से जहां आम लोगों को राहत मिलेगी वहीं वाहन चलाने वालों को भी सहुलियत होगी। वर्तमान में मेनरोड में फुटपाथ नहीं होने की वजह से पैदल चलने वाले लोग और वाहन एक साथ सड़क पर रहते है। इसकी वजह से वाहन मेन रोड में दौडऩे की बजाय रेंगते नजर आते है। पीडब्ल्यूडी ने मेनरोड में फुटपाथ और नालियों के लिए 106536959 रुपए स्वीकृत किए है।
फुटपाथ के नीचे होगी चौड़ी नाली
मेन रोड की सड़कें करीब 80 फीट चौड़ी है। दोनों सड़कों के किनारे बनने वाले फुटपाथ के नीचे नालियां होगी। नालियां साढ़े तीन फीट चौड़ी और चार फीट गहरी होगी। ये नालियां ढलाई वाली होगी और इन्हें कांके रोड में बनी नालियों की तर्ज पर बनाया जाएगा।
मेनरोड की वर्तमान स्थिति
वर्तमान में मेनरोड में कही नालियां है तो कही दिखाई ही नहीं देती। इसकी वजह से सबसे ज्यादा आम लोगों को परेशानी बारिश के दिनों में होती है। जब बारिश होती है तो नालियों का कचरा पूरा सड़क पर आ जाता है। दोनों ओर नालियों के बनने से आम लोगों को इससे भी निजात मिलेगी और स्थायी दुकानदारों को भी सहुलियत होगी।
अतिक्रमण से भी मिलेगी मुक्ति
मेनरोड में फुटपाथ नहीं होने के कारण फुटपाथ दुकानदारों द्वारा सड़क के बड़े हिस्से पर जगह जगह अतिक्रमण देखने को मिलता है। फुटपाथ के बनने के बाद सड़क किनारे अतिक्रमण से भी छुटकारा मिलेगा।
ओवरब्रिज का 3 करोड़ 68 लाख रुपए से होगा जीर्णोद्धार
मेनरोड स्थित ओवरब्रिज का भी जीर्णोद्धार होगा। इसके मरम्मति के लिए भी पीडब्ल्यूडी ने 3,68,79,209 रुपए की स्वीकृति दे दी है। ओवरब्रिज की वर्तमान स्थिति यह है कि ब्रिज के नीचे कई जगहों पर सीमेंट पूरी तरह से गायब हो गया है और ब्रिज में लगी सरिया बाहर जंग खाती नजर आती है। लंबे समय से इस ब्रिज की मरम्मत सही तरीके से नहीं हो सकी है।