पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बोकारो स्टील प्लांट के जीएम के कई ठिकानों पर सीबीआई की रेड

बोकारो स्टील प्लांट के जीएम के कई ठिकानों पर सीबीआई की रेड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन (सीबीआई) की धनबाद से आई टीम ने मंगलवार को रांची में बोकारो स्टील प्लांट में डीजीएम के पद पर कार्यरत अनुज हेंब्रम के घर समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। हेंब्रम का घर रांची के अशोक नगर स्थित रोड नंबर एक में हैं। छापेमारी इनके बोकारो स्थित आवास पर भी हुई है। इसके अलावा दिल्ली, कोलकाता, पटना, भुवनेश्वर व मुंबई समेत इनके सात ठिकानों पर रेड किए गए हैं। इस संबंध में सीबीआई ने हेंब्रम पर दो मामले दर्ज किए हैं।

पूर्व आईएएस अधिकारी के हैं पुत्र

हेंब्रम पूर्व आईएएस अधिकारी जेबी हेंब्रम के पुत्र हैं और बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत हैं। इन पर फर्जीवाड़े से जुड़े मामलों में संलिप्त होने का आरोप है। इसी आरोप के आधार पर सीबीआई की टीम ने इनके रांची स्थित चार ठिकानों पर छापेमारी की।

छापेमारी से अधिकारियों में हड़कंप

हालांकि सीबीआई की टीम में शामिल अधिकारियों ने इस मामले में कुछ भी आधिकारिक रूप से बताने से इनकार किया है।इस दौरान क्या क्या मिला इसकी जानकारी अबतक नहीं मिल पाई है। छापेमारी की इस खबर से बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि बोकारो स्टील प्लांट में वर्ष 2009 -10 के दौरान हुए बहाली मामले में इनपर फर्जीवाड़ा करने के आरोप हैं।

बोकारो में दो अधिकारियों के ठिकानों पर छापा

झारखंड में भारतीय इस्पात प्राधिकार लिमिटेड(सेल)की इकाई रिफैक्ट्रीज और बोकारो स्टील प्लांट के प्रशासनिक भवन में कार्यरत दो अधिकारियों के ठिकानों पर आज केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने छापेमारी की। बोकारो स्टील प्लांट में नियुक्ति घोटाले के मामले को लेकर सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम बोकारो स्टील सिटी आकर दोनों अधिकारियों के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की है। सीबीआई के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मांझी ने बताया कि सीबीआई की टीम इन अधिकारियों के आवास और कार्यालय पर दबिश देकर मामले की जांच से सम्बन्धित कागजात की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि देर रात तक सीबीआई की टीम छापेमारी कर लौटने के बाद विस्तृत जानकारी दी जा सकती है।

फोटो कैप्शन : अशोक अगर स्थित सेल अधिकारी का आवास, जहां हुई छापेमारी।

फोटो : वसीम।